66 केवी ट्रांसमिशन लाइन के कंडक्टर बदलने के कार्य के कारण बंद रखने को लिया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एनएच-48 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर आज यातायात बाधित रहेगा। गांव खांडसा के पास दोपहर में लगभग 15-20 मिनट के लिए तीन बार यातायात को रोका या मोड़ा जाएगा। यह कदम 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन के कंडक्टर बदलने के कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए उठाया गया है।
हरसरू-सेक्टर-35-बादशाहपुर ट्रांसमिशन लाइन एनएच-48 को गांव खांडसा के पास पार करती है। इस लाइन का कंडक्टर 18 जुलाई 2026 को टूट गया था। इसके कारण हाईवे पर भारी जाम लग गया था। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत कर रहा है। पुराने कंडक्टर को नए एचटीएलएस कंडक्टर से बदलने का कार्य टर्नकी आधार पर हो रहा है।
वाहन चालकों के लिए अपील
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है। उन्हें रविवार दोपहर को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। खांडसा गांव कट के पास पुलिस निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। असुविधा से बचने के लिए सर्विस लेन या एसपीआर रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जा सकता है। आपातकालीन वाहनों को इस दौरान प्राथमिकता दी जाएगी।