- देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे ऑटो की अवैध पार्किंग से बढ़ रही परेशानी
- बाजार में अधूरे काम के कारण ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। त्योहारों के सीजन में जहां गांधी नगर बाजार में कारोबार बढ़ने की उम्मीद रहती है वहीं जाम, जगह-जगह खुदाई और गंदगी व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। एशिया के बड़े रेडीमेड कपड़ा बाजारों में शामिल गांधी नगर में इन समस्याओं के चलते ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने और दुकानों तक आने-जाने में दिक्कत हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के समय बाजार में खरीदारी के लिए अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है लेकिन बुनियादी व्यवस्थाओं की कमी कारोबार को प्रभावित कर रही है। देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे गांधी नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर ऑटो की अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर ऑटो खड़े होने से रास्ता संकरा हो जाता है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसका असर बाजार में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों, दोनों पर पड़ रहा है। वहीं बाजार के अंदर लंबे समय से चल रही खुदाई का काम पूरा नहीं होने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खुदाई के कारण रास्तों में बाधा उत्पन्न होती है और बाजार में आवाजाही प्रभावित होती है। इसके साथ गंदगी की समस्या भी व्यापारियों की चिंता बढ़ा रही है। रघुवरपुरा शॉपकीपर्स एसोसिएशन (गांधी नगर) के प्रधान पवन कुमार जिंदल ने बताया कि बाजार में जाम और लंबे समय से अधूरे पड़े खुदाई के काम के कारण व्यापारियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर गांधी नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ऑटो हटाने और खुदाई के काम को जल्द पूरा करने की जरूरत है।