अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने दानापुर मंडल में ट्रैफिक ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इस दौरान कुछ ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, जबकि कई का समय बदला गया है। रेलवे के अनुसार, 24 और 25 अप्रैल को चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें नई दिल्ली-राजेंद्र नगर, इंदौर-पटना, कामाख्या-दिल्ली, ओखा-गुवाहाटी, दिल्ली-कामाख्या और आनंद विहार टर्मिनल-मालदा टाउन एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
इन ट्रेनों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, जहानाबाद और पटना जंक्शन के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। इस कारण बक्सर, आरा, दानापुर, दिलदारनगर, पटना जंक्शन, पटना साहिब और मोकामा जैसे कई स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से रद्द रहेगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का समय भी बदला गया है। बनारस-पटना एक्सप्रेस को 23 और 24 अप्रैल को 120 मिनट की देरी से चलाया जाएगा, जबकि दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 26 अप्रैल को 70 मिनट लेट रहेगी। रेलवे ने कई ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित करने का भी निर्णय लिया है। नई दिल्ली-राजेंद्र नगर, राजगीर-नई दिल्ली, नई दिल्ली-इस्लामपुर, पटना-अहमदाबाद और कोलकाता टर्मिनल-अमृतसर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को 25 से 60 मिनट तक देरी से चलाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव ट्रैक पर आवश्यक कार्यों के कारण किया गया है, ताकि भविष्य में ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु हो सके।