स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, सुबह 4 से 10 बजे तक कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को लाल किले पर आयोजित की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। रिहर्सल के दौरान लाल किले और आसपास के इलाकों में कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इन मार्गों से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
लाल किले के आसपास यातायात प्रतिबंध
13 अगस्त को तड़के 4 बजे से 10 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक, लोथियन रोड, जीपीओ दिल्ली से छत्ता रेल चौक तक, एसपी मुखर्जी मार्ग, एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक, चांदनी चौक रोड, फाउंटेन चौक से लाल किले तक, निशाद राज मार्ग, रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक, एस्प्लेनेड रोड और इसका लिंक रोड, नेताजी सुभाष मार्ग तक तथा रिंग रोड, राजघाट से आईएसबीटी तक, सामान्य यातायात के लिए बंद रहेंगे।
इन सड़कों से बचें
जिन वाहनों के पास रिहर्सल के लिए पार्किंग लेबल नहीं हैं, उन्हें सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाॅइंट, ए प्वाइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन खट्टा और आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड से बचने की सलाह दी गई है। इसके अलावा निजामुद्दीन खट्टा और आईएसबीटी कश्मीरी गेट से सलीमगढ़ बाईपास होते हुए आउटर रिंग रोड की ओर जाने वाले मार्गों से भी बचने को कहा गया है।
वैकल्पिक यातायात मार्ग
उत्तर-दक्षिण पहुंच के लिए
विकल्प 1 : अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, एसपी मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड, रानी झांसी रोड का उपयोग करके उत्तरी दिल्ली में अपने गंतव्य तक पहुंचा जा सकता है। इसी मार्ग का इस्तेमाल विपरीत दिशा में भी किया जा सकता है।
विकल्प 2: कनॉट प्लेस, मिंटो रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक, नया बाजार, पीली कोठी और एसपी मुखर्जी मार्ग, ओडीआरएस तक, का इस्तेमाल करके उत्तरी दिल्ली पहुंचा जा सकता है।
विकल्प 3: निजामुद्दीन ब्रिज से यमुना पार कर पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु के रास्ते आईएसबीटी पहुंचकर उत्तरी दिल्ली जाया जा सकता है।
पूर्व-पश्चिम पहुंच के लिए
एनएच-24, एनएच-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर के नीचे से होते हुए रिंग रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। डीएनडी से बारापुला रोड होते हुए ऊपर बताए गए विकल्प 1 के मार्ग या आश्रम के रास्ते रिंग रोड तक पहुंचा जा सकता है। एनएच-24, एनएच-9, निजामुद्दीन खट्टा, रिंग रोड, भैरों रोड, मथुरा रोड, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, पृथ्वीराज रोड, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, एसपी मार्ग और रिज रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। विकास मार्ग, आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और मिंटो रोड के रास्ते कनॉट प्लेस या अजमेरी गेट, डीबीजी होकर आगे जाया जा सकता है। पुश्ता रोड, शास्त्री पार्क, जीटी रोड, युधिष्ठिर सेतु और आईएसबीटी कश्मीरी गेट पहुंचने के बाद रिंग रोड या रानी झांसी रोड से आगे बढ़ा जा सकता है।
-डीएनडी, एनएच-24, एनएच-9, युधिष्ठिर सेतु, सिग्नेचर ब्रिज और वजीराबाद ब्रिज होते हुए रिंग रोड तक पहुंचने वाले मार्ग खुले रहेंगे।ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज शांति वन की ओर बंद रहेंगे।
वाणिज्यिक परिवहन और अंतरराज्यीय बसों पर प्रतिबंध
12 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 13 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसी अवधि में महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी।
शहर की बसों के लिए प्रतिबंध
स्थानीय शहर की बसें, जिनमें डीटीसी बसें भी शामिल हैं, 12 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 13 अगस्त की सुबह 11 बजे तक आईएसबीटी कश्मीरी गेट और रिंग रोड, एनएच-24, एनएच-9, एनएच 'टी' प्वाइंट, निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर नहीं चलेंगी।
अंतर-शहर और डीटीसी बसों के लिए बंद रहेंगे ये मार्ग
इसी अवधि में लोथियन रोड, छत्ता रेल चौक से कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड तक, नेताजी सुभाष मार्ग, छत्ता रेल चौक से दिल्ली गेट तक, एसपी मुखर्जी मार्ग और रिंग रोड, निजामुद्दीन खट्टा, एनएच-24, से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के उत्तरी लूप तक बंद रहेंगे। इसके अलावा सी-हेक्सागन, शेरशाह रोड, डॉ. जाकिर हुसैन रोड, पंडारा रोड, शाहजहां रोड, अकबर रोड, राजपथ, अशोक रोड, केजी मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, तिलक मार्ग, पुराना किला रोड, सिकंदरा रोड, भगवान दास रोड और बीएसजेड मार्ग पर भी प्रतिबंध रहेगा। अशोक रोड, आरए विंडसर प्लेस से सी-हेक्सागन तक, केजी मार्ग, फिरोजशाह रोड से सी-हेक्सागन तक, विकास मार्ग, दिल्ली सचिवालय की ओर लूप के बाद, और मथुरा रोड, आश्रम चौक से डब्ल्यू प्वाॅइंट तक, भी संबंधित अवधि में बंद रहेंगे।
तय समय से पहले निकलें
पूर्वी रेंज के पुलिस उपायुक्त के. रमेश ने लोगों से अपील की है कि रिहर्सल के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए वे अपने गंतव्य के लिए समय से पहले निकलें। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को कैमरा, दूरबीन, रिमोट कंट्रोल कार की चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल और लंच बॉक्स जैसी वस्तुएं साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है।
ड्रोन, हॉट एयर बैलून उड़ाने पर 16 अगस्त तक रोक
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में 16 अगस्त तक पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग-ग्लाइडर, यूएवी, माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट, हॉट एयर बैलून, छोटे आकार के संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर और विमान से पैरा-जंपिंग जैसे उप-पारंपरिक हवाई प्लेटफार्मों की उड़ान पर प्रतिबंध रहेगा।