पूर्वी दिल्ली का सबसे बड़ा गांधी नगर बाजार आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां के व्यापारी खराब स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, पेयजल, जल निकासी, साफ-सफाई व्यवस्था, शौचालय और अन्य कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।
कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। गांधी नगर में आयोजित संवाद में सुभाष रोड एवं बड़ा बाजार थोक रेडीमेड गारमेंट्स मार्केट एसोसिएशन के व्यापारियों ने बाजार की कमियां बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बाजार में वाटर कूलर नहीं होने से व्यापारी व बाजार में आने वाले लोग पेयजल की समस्या से परेशान हैं। बाजार की गलियों में लगी अधिकतर स्ट्रीट लाइटें या तो खराब या फिर टूट पड़ी हैं।
इसके अलावा बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे सिर्फ दिखावटी के लिए लगे हैं, क्योंकि इनमें से अधिकतर कैमरे खराब हैं। साथ ही इन कैमरों के रिकॉर्डिंग रूम का भी कोई अता-पता नहीं है। बाजार में चार शौचालय है, लेकिन इनकी हालत इतनी खराब है कि लोग इसका इस्तेमाल भी नहीं करना चाहते। महिलाओं के लिए अलग से कोई शौचालय नहीं है। बाजार में जल निकासी के इंतजाम न होने से सड़कों पर बरसात का पानी भर जाता है, जिससे आवाजाही बाधित रहती है।
व्यापारियों के लिए बाजार के दूसरी तरफ पुस्ता रोड के किनारे पार्किंग बनाई गई है, लेकिन उसमें बहुत कम जगह है।
- प्रवीण गुप्ता, अध्यक्ष
सुभाष रोड पर बाजार के अंदर जाने वाले मुख्य द्वार पर बनी सीढ़ियां बहुत संकरी हैं, जिस कारण दिक्कत होती है।
- अश्वनी चोपड़ा, महामंत्री
बाजार के मुख्य द्वार पर ऑटो और ई-रिक्शेवालों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है।
-नरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष
बाजार की गलियों में बिजली और वाईफाई के तारों का जाल बना हुआ है। इन तारों से कभी भी हादसा हो सकता है।
- चेतन अरोड़ा, महासचिव