त्योहारों में जाम और कारोबार प्रभावित होने की आशंका, पोस्टर लेकर जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सदर बाजार के व्यापारियों ने राहुल गांधी से एक नवंबर को प्रस्तावित रैली स्थगित करने की अपील की है। बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर अपनी चिंता जताई। पोस्टरों पर लिखा था, ‘मोहब्बत की दुकान के नाम पर हमारी दुकान खराब मत करो।’ व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान रैली होने से बाजार में जाम लग सकता है, जिससे ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी होगी और कारोबार भी प्रभावित हो सकता है।
सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने यह मांग उठाई। इस दौरान कई व्यापारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि दीपावली और अन्य त्योहारों के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में किसी बड़े कार्यक्रम के कारण यातायात बाधित होने से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
व्यापारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की निर्बाध आवाजाही जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी से व्यापारियों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए रैली स्थगित करने पर विचार करने की अपील की। उनका कहना है कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़े और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़े।