सीबीएसई ने ऑन स्क्रीन मार्किंग विवाद के बीच सपोर्ट सिस्टम की जानकारी जारी की
तनाव प्रबंधन और मूल्यांकन संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-11-8004 पर करें संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से लागू ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कई छात्रों ने आरोप लगाया है कि डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया में उत्तरों का सही आकलन नहीं हुआ है।
इस विवाद को देखते हुए सीबीएसई ने अपने एक्स अकाउंट पर चौबीसों घंटे सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-8004 जारी किया है। इसके अलावा info.cbsenic.in और resultcbse2026cbseshiksha.in पर मेल भेजकर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बोर्ड पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि यदि किसी छात्र को अंकों को लेकर संदेह है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत से लेकर अब तक शिकायतें लगातार आ रही हैं। छात्रों ने कहा कि बोर्ड ने 27 मई तक उत्तरपुस्तिका भेजने की बात कही थी, लेकिन आज 28 मई तक उन्हें कॉपी नहीं मिली है। वहीं कई छात्रों की शिकायत है कि उत्तरपुस्तिका मिली तो उसमें पता चला कि उनके कुछ उत्तर चेक ही नहीं किए गए।