तीस हजारी कोर्ट में हुए वकीलों और पुलिस के बीच झड़प का एक और वीडियो सामने आया है
- फोटो : अमर उजाला
तीस हजारी कोर्ट में वकीलों और पुलिस के बीच दो नवंबर को हुए बवाल के मामले में सोमवार को एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि वकील लॉकअप के बाहर पथराव कर रहे हैं। कुछ लोग मुंह पर रूमाल बांधकर एक बाइक को घसीटते हुए लॉकअप के गेट पर भी ले जा रहे हैं।
इसी दौरान आगजनी के दौरान दो बाइकों की टंकी फटती है और उनसे करीब 15 फुट से ऊंची लपटे उठती हुई दिख रही हैं। बाद में इसी वीडियो में डीसीपी मोनिका भारद्वाज से भी भीड़ बदसलूकी करती हुई दिख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में मिल रहे वीडियो की पड़ताल की जा रही है।
वीडियो में दिख रहा है कि लॉकअप के बाहर बाइकों में आग लगी हुई है। उसी दौरान सफेद शर्ट पहने एक शख्स मलबे का कट्टा घसीटता हुआ लाता है। उसमें से पत्थरों को निकालकर इनको लॉकअप के गेट पर मारा जाता है। पथराव के बाद कुछ लोग एक बाइक को घसीटते हुए लॉकअप के गेट पर ले जाते हैं।
बाद में और बाइकों को आग के हवाले कर दिया जाता है। हालांकि इस दौरान भीड़ धीरे-धीरे वहां से कम होती दिख रही है। कुछ ही देर बाद जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज भागी हुई वहां आती दिख रही हैं। वह हाथ जोड़कर वकीलों से उपद्रव न करने की अपील कर रही हैं। उसी दौरान कुछ लोग उन्हें घसीटते हुए पीछे ले जाते हैं।
घटना के बाद से ही पुलिस व वकीलों में गतिरोध बना हुआ है। वकील लगातार दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।