नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों व डीयू में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने डीयू के नॉर्थ कैंपस में तिरंगा मार्च निकाला। जिसमें एनएसयूआई कार्यकर्ता व छात्र शामिल हुए। तिरंगा यात्रा एसओएल गेट से शुरू होकर रामजस कॉलेज चौक पर समाप्त हुई। इस यात्रा में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी शामिल हुए।
दूसरी और मयूर विहार फेज-3 स्थित विद्या बाल भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन किया। 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर कोंडली चौक तक गई, जिसके बाद दोबारा विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। प्रधानाचार्य सतवीर शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। संवाद