पहली बार भारत में एओएसबीआई कांग्रेस का उद्घाटन, एलजी बोले- शुरुआती पहचान से जीवन और सम्मान दोनों सुरक्षित
महिला डॉक्टरों से जागरूकता फैलाने और उद्योग जगत से सस्ती जांच व्यवस्था में सहयोग की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा है कि ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ लड़ाई में समय पर जांच सबसे प्रभावी हथियार है। शुरुआती पहचान न केवल मरीज की जान बचाती है, बल्कि उसके सम्मान, उम्मीद और जीवन की गुणवत्ता को भी सुरक्षित रखती है। शनिवार को भारत में पहली बार आयोजित एशियन ओशिनियन सोसायटी ऑफ ब्रेस्ट इमेजिंग (एओएसबीआई) कांग्रेस का उद्घाटन करते हुए उन्होंने चिकित्सा जगत से हर महिला तक सस्ती व समय पर जांच की सुविधा पहुंचाने की बात कही।
एलजी ने कहा कि कैंसर की जांच व उपचार केवल शहरों या सक्षम वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हर महिला को, चाहे उसकी आर्थिक स्थिति कुछ भी हो, समय पर जांच, उचित इलाज व संवेदनशील देखभाल मिलनी चाहिए। उन्होंने उद्योग जगत से सामाजिक दायित्व के तहत सस्ती डायग्नोस्टिक इमेजिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की।
एलजी ने महिला डॉक्टरों से अपने अस्पतालों, क्लीनिकों व समुदायों में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती जांच के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रोकथाम आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था ही भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है। एओएसबीआई की पहली कांग्रेस की मेजबानी भारत को मिलना देश के स्वास्थ्य तंत्र व चिकित्सा अनुसंधान पर बढ़ते वैश्विक विश्वास का प्रमाण है। एलजी ने डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों व स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की और आयोजकों को बधाई दी।