नई दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाले हिमांशु उर्फ नॉटी(18) ने 10वीं कक्षा हाल ही में प्रथम श्रेणी में पास की थी। वह आगे परीक्षा पास कर सरकारी नौकरी करना चहाता था, मगर वह गलत संगत में पड़ गया और लूटपाट करने लगा। तिगड़ी थाना पुलिस ने हिमांशु, उसके साथी साहिल उर्फ पिनोवा(19) को एक नाबालिग के साथ पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन व साइकिल बरामद की है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि गली नंबर-18, रतिया मार्ग, संगम विहार में रहने वाले कृष्ण कुमार गुप्ता की खोखा मार्केट, साकेत में गॉसरी की दुकान है। 28 व 29 नवंबर की रात वह दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वह तिगड़ी कॉलोनी में गुरुद्वारा वाली गली में पहुंचे तभी तीन युवक वहां आए। इन युवकों ने कृष्ण कुमार गुप्ता को पकड़ लिया और उनसे मोबाइल, साइकिल व तीन हजार रुपये लूट लिए। तिगड़ी थाने में लूटपाट का मामला दर्जकर एसाआई राकेश, हवलदार सुरेन्द्र और तुलसीराम की टीम ने जांच शुरू की। इस टीम ने घटनास्थल के पास लगे करीबन 25 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला।
आखिरकार एसआई राकेश की टीम ने नाबालिग समेत तीनों आरोपियों को एक दिसंबर को तिगड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने लूट का पैसा आपस में बांट लिया था। आरोपी अपने रोज के खर्चों व नशे की आदत को पूरा करने के लिए लूटपाट करते थे।