ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब चलती ट्रेन में भी कंफर्म टिकट मिल सकेगा। देहरादून शताब्दी समेत 3 ट्रेनों में सफल ट्रायल के बाद रेलवे जल्द ही अन्य ट्रेनों में भी इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
सुविधा शुरू होने पर ट्रेन चलने के बाद खाली बची सीटों की जानकारी टीटीई एक हैंड हैल्ड मशीन के जरिए कंट्रोल रूम को देंगे और यहां से सभी स्टेशनों को सूचना मिल जाएगी।
इसके बाद ट्रेन के आने से चंद मिनट पहले भी लोग करंट टिकट काउंटर से आरक्षित टिकट ले सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह योजना अभी तक ट्रायल के तौर पर देहरादून शताब्दी, अजमेर शताब्दी और अमृतसर शताब्दी में चल रही थी।
रेल बजट में घोषणा के बाद अब इस सुविधा को अन्य ट्रेनों में शुरू करने की तैयारी की जा रही है। योजना के मुताबिक ट्रेनों में टीटीई को हैंड हैल्ड मशीन (रीडिंग मशीन की तरह) दी जाएगी।
यह मशीन सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी। ट्रेन ओरीजनेट होने के बाद टीटीई अपने सभी कोच में टिकट चेक कर खाली सीटों की जानकारी मशीन के जरिए कंट्रोल को अपडेट करेंगे।
कंट्रोल रूम से यह जानकारी ऑनलाइन अपडेट हो जाएगी। इसके बाद अगले स्टेशन से लोग स्टेशन पर करंट काउंटर से इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट ले सकेंगे।