अक्षय ने बताया कि वह कंपनी के खातों की देखरेख कर रहा था। विदेश से संचालित एप पर पीड़ितों को दैनिक आधार पर 10 फीसदी के आकर्षक रिटर्न का लालच दिया जाता था। जालसाज पीड़ितों से टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करते हैं। जालसाज शुरू में सौ रुपये से हजार रुपये के छोटे निवेश पर उच्च रिटर्न देते हैं। पीड़ितों का विश्वास हासिल करने के बाद उन्हें भारी मात्रा में निवेश करने के लिए कहा जाता है। लोगों से ज्यादा रकम आने के बाद वह एप को बंद कर देते हैं। बैंक खातों के जरिए पैसे विदेश में बैठे जालसाज को मिल जाते हैं। पुलिस उस खाता धारक की पहचान करने में जुटी है, जिसमें 40 करोड़ रुपये के लेनदेन किए गए हैं।
प्ले स्टोर पर चला रहे हैं ठगी करने वाले कई एप
पीड़ितों ने बताया कि वह अलग-अलग एप के जरिए ठगी के शिकार हुए थे। पुलिस जांच में पता चला कि रकम भूमि इंफ्राटेक नाम की कंपनी के बैंक खाते में गई है। इस खाते में 17 से 23 फरवरी के बीच 40 करोड़ रुपये की लेन-देन हुई है। खाते में कई एप के जरिए पैसे आए हैं। पुलिस को आशंका है कि एक ही गिरोह के जालसाज सभी फर्जी एप चलाकर लोगों को ठग रहे हैं।