आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। जबकि दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि अभिषेक वशिष्ठ(32) मूलत: कुरुक्षेत्र हरियाणा का रहने वाला है। जन्म के बाद उसके माता-पिता अलग हो गए थे। दावा है कि उसने पत्राचार से कुरुक्षेत्र यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है और कई चैनलों में काम कर चुका है। वर्ष 2002 में उसने एक युवती से शादी की, लेकिन पिछले छह साल से वह पत्नी के साथ नहीं रह रहा है। कभी कभार वह उसके पास जाता है।
जांच में पता चला कि अभिषेक वर्ष 2012 में खुद को ज्योतिष आचार्य अतुल जी महाराज बताकर एक निजी चैनल से फर्जीवाड़ा कर चुका है। शिकायत मिलने पर चैनल ने उसे प्रोग्राम से निकाल दिया था। चैनल ने अपने दर्शकों के लिए एक सलाह भी जारी की थी, जिसमें कहा गया था कि आचार्य ठग है और चैनल को इसके खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं।
कई तरीकों से ठगी करता रहा है आरोपी
आरोपी ठगी के कई तरीकों को अपना चुका है। चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाना पुलिस वर्ष 2016 में उसे ठगी के आरोप में गिरफ्तार चुकी है। आरोप है कि खुद को देेहरादून के इंडियन मीडिया ग्रुप का कर्मचारी बताकर जमीन सौदे में एक कारोबारी से ठगी की थी। उसके बाद वह मेट्रीमोनियल साइट पर अपना फर्जी प्रोफाइल डालकर ठगी की वारदात को अंजाम देने लगा। अपने प्रोफाइल में उसने खुद को अविवाहित बताया था।
फिलहाल वह उत्तराखंड में एक न्यूज चैनल का मालिक बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। वह अपने न्यूज चैनल के लिए रिपोर्टरों की भर्ती और मताधिकार (फ्रेंचाइजी) देने के नाम पर ठगी कर रहा था। वह चैनल का फेसबुक और ट्विटर पर प्रचार कर रहा था। उसने अपने चैनल का ‘लोगो’ एक प्रतिष्ठित चैनल से मिलता-जुलता बना रखा था।