रविवार को इंडिया गेट से लापता हुई तीन साल की बच्ची के बारे में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं मिला है। सूत्रों के अनुसार बच्ची की तलाश में देर होने के कारण केस मामले को क्राइम ब्रांच या स्पेशल सेल को सौंपा जा सकता है।
अंग्रेजी अखबार टाइम ऑफ इंडिया के मुताबिक इंडिया गेट के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बच्ची को फ्रॉक में खेलते हुए देखा जा सकता है। अचानक ही वह गायब पाई जाती है जो अभी भी रहस्य बना हुआ है।
गायब हुई इस बच्ची का नाम जानवी आहूजा है। अखबार के मुताबिक जानवी की पहली फुटेज 9.21.34 की है जब वह एक खिलौने के साथ खेल रही है।
दूसरी बार 9.21.47 में उसे फिर से खेलते हुए देखा जा सकता है। कैमरा जब दोबारा उसकी ओर मुड़ता है तो भी उसे खेलते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इसके बाद बच्ची अचानक ही लापता हो जाती है।
बच्ची के लापता होने से फिलहाल उसके परिजन बेहद दुःखी हैं। बच्ची की मां ने तो खाना-पीना भी छोड़ रखा है। उस रात बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट उसके पिता ने पुलिस को दी।