मुंडका में सेप्टिक टैंक में गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। टैंक का ढक्कन खुला हुआ था और इसके ऊपर जाल भी नहीं था। पुलिस ने परिवार वालों की शिकायत पर मकान मालिक हरभगवान के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार की है। मृतक बच्ची की पहचान गुड़िया के रूप में हुई है। वह परिजनों के साथ टीकरी कलां गांव में रहती थी। सोमवार शाम पांच बजे खेलने के दौरान बच्ची अचानक गायब हो गई। परिवार वालों ने काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिलने पर परिजनों ने मुंडका थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवा दी।
परिवार के एक सदस्य की नजर घर के अंदर बने सेप्टिक टैंक की ओर गई। टैंक का ढक्कन खुला था। परिजनों ने टैंक में देखा, तो बच्ची उसमें थी। उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। उसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने देखा कि सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला था और इसके ऊपर कोई जाल भी नहीं था। इसके लिए मकान मालिक को जिम्मेदार ठहराया गया। पुलिस मकान मालिक हरभगवान को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।