मुरादनगर एडीजी राजीव सभरवाल ने शनिवार को मुरादनगर थाने का मुआयना किया। मुआयने के दौरान एडीजी ने पांच सब इंस्पेक्टर से पिस्टल चलवाकर देखी, जिसमें तीन सब इंस्पेक्टर पिस्टल कोक नहीं कर सके।
एडीजी रावजी सभरवाल शनिवार को करीब तीन बजे मुरादनगर थाने में मुआयने के लिए पहुंचे। उन्होंने गाड़ी से उतरते ही सबसे पहले कोरोना हेल्प डेस्क पर कोरोना से संबंधित जानकारी ली।
इसके बाद बैरिक, मैस, स्टाफ क्वाटर, टॉयलेट, कंप्यूटर कक्ष, कार्यालय, डाक ऑफिस का मुआयना किया। एडीजी ने थाने में अपराध रजिस्टर, रजिस्टर नंबर चार व आठ, टॉप 10 की सूची सहित पुलिसकर्मियों की बीट बुक देखी।
एडीजी करीब ढ़ाई घंटे तक थाने में रुके और समस्त रिकार्ड की जांच की। एडीजी ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि जनपद गाजियाबाद में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए नई योजनाएं बनाई जा रही हैं।
इसके लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जा रहे हैं। हाईवे पर लगने वाले जाम से लोगों को जल्दी ही निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी हाईस्पीड ट्रेन के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण हाईवे पर जाम लगता है।
वहीं क्राइम से संबंधित प्रश्र पूछने पर कहा कि लॉकडाउन खुलने के बाद लोग घर से बाहर निकले, इसके चलते कुछ क्राइम बढ़ा है। बताया कि शासन के निर्देश के बाद पीएसी से आए सभी पुलिस कर्मियों को वापस भेजा जायेगा।
वहीं उन्होंने कहा कि एसएसपी कलानिधी नैथानी के नेतृत्व में गाजियाबाद पुलिस अच्छा काम कर रही है। अन्य जनपद की अपेक्षा गाजियाबाद में अपराधों पर अंकुश लगा है। एडीजी को सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने सलामी दी। एसएसपी कलानिधी नैथानी, एसपी ग्रामीण नीरज कुमार जादौन, सीओ सदर धर्मेंद्र चौहान, सीओ महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।