उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार स्थित सावन पार्क में बुधवार सुबह चार मंजिला इमारत जमींदोज हो गई। इसका मलबा मेन रोड पर ठीक सामने बनी एक दूसरी बिल्डिंग पर भी गिरा। इस इमारत को भी काफी नुकसान हुआ। हादसे में चार बच्चों और दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत नाजुक है।
पुलिस ने बताया कि इमारत में कुल 23 लोग रहते थे। हादसे के वक्त वहां 12 लोग थे। स्थानीय लोगों ने नौ लोगों को मलबे से निकालकर नजदीकी दीपचंद बंधु अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस व अन्य बचाव दलों ने तीन अन्य लोगों को मलबे से निकाला। देर शाम तक मलबा हटाने का काम जारी था। एनडीआरएफ की दो टीमों को बचाव और राहत के काम में लगाया गया है। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक धर्मेंद्र, उसके पार्टनर सचिन और सचिन के पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। इस मामले में उन्हें अधिकतम दस साल की सजा हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह 9:25 बजे सावन पार्क, मेन मार्केट, अशोक विहार फेज-3 में हुआ। यहां 25 गज में मकान बना था। ग्राउंड फ्लोर पर दुकान थी, जबकि ऊपर बनी चार मंजिलों में से तीन में चार परिवार रह रहे थे। करीब एक साल से इमारत मेन रोड की ओर झुक गई थी और सड़क पर लगे एक पुराने शीशम के पेड़ से टिकी हुई थी। बुधवार सुबह इमारत अचानक मेन रोड की ओर गिरकर सामने सी-26 में बनी एक अन्य इमारत पर गिर गई। गनीमत रही कि इस बिल्डिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।