नवंबर तक मिलेगा यात्रियों को लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। हैदराबाद के पास स्थित चारलापल्ली और महाराष्ट्र के नांदेड़ से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली इन ट्रेनों का संचालन अक्तूबर से नवंबर के बीच होगा। तीनों ट्रेनों के दोनों दिशाओं में कुल 20-20 फेरे होंगे।
रेलवे के अनुसार, चारलापल्ली-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन (07021/07022) चारलापल्ली से 19 अक्तूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और वापसी में हजरत निजामुद्दीन से 21 अक्तूबर से 2 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे होंगे। यह ट्रेन चारलापल्ली से शाम 7:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 2 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
नांदेड़-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन (07621/07622) नांदेड़ से 17 अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और वापसी में 18 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी। दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे होंगे। नांदेड़ से यह ट्रेन सुबह 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
वहीं, चारलापल्ली-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन (07023/07024) चारलापल्ली से 20 अक्तूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और वापसी में 22 अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार चलेगी। दोनों दिशाओं में छह-छह फेरे होंगे। चारलापल्ली से इसका प्रस्थान शाम 7:45 बजे होगा और अगले दिन सुबह 5 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। तीनों ट्रेनों में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों से यात्रा से पहले समय और ठहराव की जानकारी 139 पर सुनिश्चित करने की अपील की गई है।