दिल्ली में एक फिर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की लूट के बाद चोरों ने एक और ज्वेलरी की दुकान को निशाना बनाया है। हथियारबंद तीन लुटेरों ने दुकान में घुसकर 50 लाख रुपये के गहने लूट लिए।
दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। समयपुर बादली थाना क्षेत्र में बुधवार को चोरों ने बंदूक की नोक पर एक ज्वेलरी की दुकान से 50 लाख रुपये के गहने लूट लिए। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने दुकान के बाहर फायरिंग भी की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मालिक मुकेश गोयल ने बताया कि उनके बेटे नितिन गोयल और पांच कर्मचारी उस दौरान दुकान में मौजूद थे।
विज्ञापन
मामले को लेकर अतिरिक्त डीसीपी भरत रेड्डी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1.20 बजे हथियारबंद तीन लुटेरों ने ज्वैलरी की दुकान में घुसकर दिखाने के लिए रखे गए सभी गहने लूट लिए। दुकान के मालिक कुल राशि का आकलन कर रहे हैं। पुलिस ने कुछ डीवीआर जब्त किए। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
बता दें कि इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को दिल्ली के पॉश इलाके जंगपुरा में स्थित उमराव सिंह ज्वेलर्स के शोरूम में चोरों ने सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने दीवार काटकर करीब 25 करोड़ रुपये के सोने व डायमंड के जेवरात चोरी कर लिए।