कश्मीरी गेट के मरघट वाले बाबा फ्लाईओवर के पास वारदात
घायल चालक, सवारी का अस्पताल में इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कश्मीरी गेट इलाके में बृहस्पतिवार रात ई-रिक्शा सवारों से लूट के प्रयास के दौरान बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की पहचान प्रभात के रूप में हुई है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात करीब 7.30 बजे मरघट वाले बाबा फ्लाईओवर के पास हुई। बदमाशों ने ई-रिक्शा में सवार महिला और अन्य यात्रियों से लूटपाट की कोशिश की थी। विरोध करने पर हमलावरों ने चाकू से वार किए। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मृतक प्रभात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल ई-रिक्शा चालक और एक अन्य सवारी का इलाज जारी है। बताया कि वे अभी बयान देने की हालत में नहीं हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।