शाहदरा जिला के गीता काॅलोनी इलाके में रविवार दोपहर दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर ने रैपिडो बाइक सवार को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त जुबैर अली (26) के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया।
शुरुआती जांच में पता चला कि सड़क पर पानी पड़ा होने के कारण जुबैर की बाइक फिसल गई और वह पीछे से आ रहे टैंकर की चपेट में आ गया। हादसे के समय जुबैर ने हेलमेट भी लगाया हुआ था, लेकिन उससे भी जुबैर की जान नहीं बच सकी। पहिया चढ़ने की वजह से जुबैर का हेलमेट चकनाचूर हो गया और उसका सिर कुचल गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे की वजहों को पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक जुबैर का परिवार यूपी के बागपत में रहता है। रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे वह गीता काॅलोनी मास्टर प्लान रोड से होकर कड़कड़ी मोड़ की ओर जा रहा था। सड़क पर किसी वजह से पानी गिरा हुआ था। अचानक जुबैर की बाइक पानी पर फिसल गई। इस बीच पीछे से आ रहे दिल्ली जलबोर्ड के टैंकर ने उसे कुचल दिया।
जहांगीरपुरी और महेंद्रा पार्क में गई जान
जहांगीरपुरी और महेंद्रा पार्क क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जहांगीरपुरी में हुई घटना में आरोपी चालक वाहन सहित भाग गया, लेकिन महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र कुमार जाटव मूलत: परिवार के साथ राजस्थान के पटौंदा गांव के रहने वाले हैं। महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने बताया कि वह पीतमपुरा स्थित शिव मार्केट में पत्थर व टाइल्स लगाने का काम करते हैं। उनके बड़े भाई शिव शंकर भी उनके साथ ही काम करते थे। साइट पर ही दोनों भाई रहते थे। 17 दिसंबर को वह अपने भाई के साथ स्वरूप नगर गए थे। दोपहर दो बजे दोनों एक बाइक से आ रहे थे। मुकुंदपुर फ्लाईओवर के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई गिर गए। शिव शंकर का हेलमेट दूर जाकर गिरा और उनके माथे से खून निकलने लगा। हादसे के बाद लोगों ने आरोपी चालक शिवम को पकड़ लिया। पुलिस ने भाई को अस्पताल लेकर गई। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर शिवम को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरा मामला जहांगीरपुरी इलाके की है। शनिवार रात पुलिस को मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर सड़क हादसा की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि घायल को पास के अस्पताल लेकर गए हैं। वहां पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने करावल नगर के सादतपुर निवासी योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया है। जांच में पता चला कि शनिवार की रात योगेंद्र अपनी बाइक से मुकुंदपुर से करावल नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।