उत्तरी दिल्ली में अलग अलग जगहों पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की एक छात्रा स्कूटी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइंस इलाके में रविवार रात साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मजनूं का टीला की ओर जाने वाले रास्ते पर एक बाइक क्षतिग्रस्त पड़ी है। घायल शख्स को पीसीआर वैन ट्रामा सेंटर पहुंचा चुकी थी।
अस्पताल जाने पर पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया है। मृतक की शिनाख्त करावल नगर निवासी जितेंद्र (40) के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार का रहने वाला जितेंद्र अपना टैंपो चलाता था। घटना के समय वह बाइक से घर जा रहा था। आशंका है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई।
दूसरी घटना वजीराबाद के पुराने पुल पर हुई। रविवार तड़के सवा तीन बजे एक टैंपो ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घायल व्यक्ति की पहचान गाजियाबाद विजय नगर निवासी जोगिंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस टैंपो चालक की तलाश कर रही है।
तीसरी घटना तिमारपुर इलाके की है। रविवार तड़के पुलिस को फतेह सिंह मार्ग पर एक स्कूटी और बाइक के टकराने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल स्कूटी और बाइक चालक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया जहां स्कूटी चालक पहाड़गंज वाल्मीकि बस्ती निवासी जगमोहन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दूसरे घायल की पहचान तिमारपुर निवासी दीन मोहम्मद (22) के रूप में हुई है। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
वहीं एक अन्य मामले में मौरिस नगर इलाके में स्कूटी ने डीयू छात्रा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान सुपौल निवासी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। वह आदर्श नगर में किराए पर रहती है और सोमवार को घटना के समय डीयू की लाइब्रेरी से वापस घर जा रही थी। पुलिस स्कूटी चालक की पहचान करने में जुटी है।