इंडिगो में नौकरी दिलवाने के नाम ठगी करने वाले दो पकड़े
इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो जालसाजों फरीदाबाद के सेक्टर-55 स्थित गोची निवासी आजाद खान और जीवन नगर निवासी अजय के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि आरोपी फेसबुक पर नौकरी लगवाने का फर्जी प्रचार करते थे। बेरोजगार युवक-युवतियां जब इनको कॉल करते थे तो आरोपी फॉर्म, यूनिफॉर्म समेत अन्य चार्ज के नाम पर मोटी रकम वसूल लेते थे।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया, रोहित यादव एनसीआरपी पार्टल पर 24100 रुपये की ठगी की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उसने फेसबुक पर इंडिगो एयरलाइंस पर जॉब का एक विज्ञापन देखा था। उसमें एक नंबर दिया गया था। पीड़ित ने उस नंबर पर कॉल किया। उस समय फोन नहीं उठा, लेकिन बाद में एक अन्य नंबर से कॉल आया। कॉलर ने अपना नाम रोहित शर्मा बताकर नौकरी दिलवाने की बात की। बाद में आरोपी ने फॉर्म की फीस, यूनिफॉर्म व अन्य खर्चों के नाम पर पीड़ित से 24100 रुपये वसूल लिए। बाद में आरोपियों ने अपने नंबर बंद कर लिए।
जिसमें रकम ट्रांसफर हुई थी उसकी पड़ताल की गई। इसके अलावा मोबाइल नंबर की डिटेल भी ली गई, जिससे कॉल आया था। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को फरीदाबाद से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। बैंक खाता आजाद खान व मोबाइल अजय के नाम पर रजिस्टर्ड था।