- सोनौली बॉर्डर से चरस लाकर व्हाट्सएप आधारित डिलीवरी नेटवर्क के जरिए करते थे सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ ने भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इंटरनेशनल ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफ़ाश करते हुए तीन नेपाली नागरिक भरत थापा (32) गोविंद बुद्ध (32) और ज्योति पुन मगर (50) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब नौ करोड़ रुपये कीमत की साढ़े आठ किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपी सोनौली बॉर्डर से चरस लाकर व्हाट्सएप आधारित डिलीवरी नेटवर्क के जरिए दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपी मैसेजिंग एप व्हाट्सएप से मादक पदार्थों की तस्करी करते थे। इसमें वह ऑनलाइन नशीले पदार्थों की आपूर्ति का ऑर्डर लेते और भुगतान भी बैंक से ही लेते थे। सभी आरोपी दक्षिणी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके में रहते हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस टीम ने 29 जून को नेपाली नागरिकों के आवास पर छापा मारा और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ज्योति से 5.566 किलोग्राम, थापा से 1.552 किलोग्राम और बुद्ध से 1.480 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि ज्योति मुख्य आपूर्तिकर्ता था, जो नेपाल से मादक पदार्थ मंगाता था। यह भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली सरहद के पास सक्रिय था। चरस को फिर दिल्ली लाया जाता, जहां थापा और बुद्ध कथित तौर पर इसे अन्य लोगों को बेचते।
रिकार्ड को डिलीट कर देते थे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए वह हर लेन-देन के बाद ऑनलाइन बातचीत और कॉल रिकॉर्ड डिलीट कर देते थे। आरोपी तस्करी के लिए ऑटोरिक्शा और बाइक टैक्सियों का इस्तेमाल करते थे।