हापुड़ के कमरुद्दीन नगर में किसान सुभाष फौजी की हत्या में उलझी पुलिस सुलझी भी नहीं थी कि धौलाना पिलखुवा मार्ग स्थित नूरपुर राजवाहे के पटरी से सटे एक खेत के पास दो बाईकों पर सवार चार बदमाशों ने एक महिला को गोलियों से भून डाला। गोलियों की आवाज सुन घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर काम कर रहे किसानों ने देखा कि दो बाइकों पर सवार चार युवक घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना शाम करीब पांच बजे निर्माणाधीन तहसील से चंद कदमों की दूरी पर धौलाना पिलखुवा मार्ग स्थित नूरपुर राजवाहे की पटरी के पास की है। बताया कि धौलाना निवासी एक किसान के खेत के पास पेड़ की नीचे चार युवक एक महिला के साथ बैठे थे। कुछ देर बाद अचानक घटनास्थल से चंद दूरी पर अपने खेत में काम कर रहे किसानों को जंगल में गोली चलने की आवाज आई।
जैसे किसान पेड़ की ओर चले तो दो बाइकों पर सवार चार युवक उनके वहां पहुंचने से पहले भागते दिखे। मौके पर जुटे लोगों की भीड़ ने देखा कि एक महिला खून से लथपथ खेत के डोले पर मृत अवस्था में पड़ी है। महिला की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।