कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव कपना से 15 फरवरी को गांव रौनीजा के एक व्यक्ति की बेटी की बरात आई थी। शादी समारोह में विपिन, हरीश उर्फ नरेंद्र व पवन कुमार भी शामिल हुए थें। इसी दौरान बरात में शामिल एक युवक का रबूपुरा निवासी युवक से मामूली विवाद हो गया। आरोप है कि कस्बे के मोहल्ला मीणा ठाकुरान निवासी सचिन, शिवराम, दीपक, प्रवेश, सुखवीर, दीपक, अंकित, अर्जुन, मोहित, शिवम व मोनू आदि लाठी-डंडा व धारदार हथियारों से लैस होकर आ गए और बरातियों पर हमला बोल दिया।
हमले में विपिन, हरीश उर्फ नरेंद्र व पवन कुमार के साथ-साथ अन्य बराती भी घायल हो गए। इसके बाद दुल्हन व वर पक्ष के लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इस मामले में पीड़ित विपिन के भाई रविंद्र प्रताप सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर 11 आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी सचिन, प्रवेश, अंकित और शिवम को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम द्वारा छापा मारा जा रहा है।