फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi : हेरोइन की तस्करी में महिला समेत तीन विदेशी दबोचे, हथियारों की अवैध खरीद-फरोख्त में 11 गिरफ्तार

Sun, 05 May 2024 06:43 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

पुलिस ने दिल्ली में तीन अलग-अलग जगहों पर छापा मारते हुए तस्करी में लिप्त तीन विदेशियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा ने हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर 11 लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दिल्ली में तीन अलग-अलग जगहों पर छापा मारते हुए तस्करी में लिप्त तीन विदेशियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। इनके कब्जे से पुलिस ने साढ़े सात किलो हेरोइन बरामद की है। इसकी कीमत 38.44 करोड़ रुपये आंकी गई है। 

विज्ञापन

जांच में पता चला है कि खेप को विदेश से मंगवाया गया था और उसे दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में सप्लाई करना था। आरोपियों की पहचान ब्लेसिंग ओपरा, डेविड किगोजी और उबा नवाची ओजीजी के रूप में हुई है। तीनों नाइजीरिया के रहने वाले हैं और दिल्ली के नवादा, चंदर विहार और तिलक नगर में किराए के मकान में रहते थे। 

पुलिस दिल्ली और आसपास के राज्यों में युवाओं के बीच ड्रग्स के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल तस्करी में लिप्त आरोपियों पर निगरानी रख रही थी। मार्च 2024 को पुलिस को एक ड्रग सिंडिकेट के बारे में पता चला, जो दिल्ली और एनसीआर में हेरोइन की आपूर्ति करता था। 29 अप्रैल को एक सूचना पर पुलिस टीम ने द्वारका मोड़ दिल्ली में छापा मारकर ब्लेसिंग ओपरा नाम की महिला को एक ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा। उसके कब्जे से 3.298 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। 
विज्ञापन


हेरोइन को बैग में दो बैकपैक और एक लेडी पर्स में छिपाया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जनक पुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन से डेविड किगोजी को गिरफ्तार किया।  उसके कब्जे से पुलिस ने तीन बैक पैक में 3.486 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। वहीं पुलिस ने 30 अप्रैल को कृष्णा पुरी में छापेमारी कर उबा नवाची ओजिजी को 904 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। आरोपियों ने बताया कि खेप को सप्लायरों ने विदेश से खरीदा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी खेप को छोटे पॉलिथीन में बंद करने के बाद उसपर सेलो टेप लगा देते थे। पार्सल बनाने के बाद उसपर कार्बन पेपर लपेट देते थे, जिससे एक्स-रे मशीन उसे तलाश नहीं कर पाती थी।

आर्थिक मदद करने के बहाने धंधे से जोड़ा
पूछताछ में पता चला कि हेरोइन सप्लाई करने वाले सप्लायरों ने आर्थिक मदद के बहाने आरोपियों को धंधे से जोड़ लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्लेसिंग ओपरा जून 2023 में बिजनेस वीजा पर भारत आई थी। उसने महिलाओं के कपड़े बेचने का व्यवसाय शुरू किया। इसी दौरान उसे गुर्दे की पथरी का पता चला। सर्जरी के लिए उसे पैसे की जरूरत थी। जनवरी 2024 में वह एग्बे के संपर्क में आई और फिर उसके लिए काम शुरू कर दिया। डेविड किगोजी ने नाइजीरिया में अपनी दुकान खोली और चीन से फोन के उपकरण मंगाए। फिर वह चीन गया और वहां पांच साल तक रहा।

  • इस दौरान एक चीनी लड़की से शादी कर ली और उसका एक बच्चा है। 2021 में वह मेडिकल वीजा पर भारत आया। दिल्ली में रहने के दौरान वह अन्य नाइजीरियाई और अफ्रीकी नागरिकों के संपर्क में आया। आर्थिक मदद करने के बहाने आईके नाम के नाइजीरियन उससे ड्रग की तस्करी करवाने लगा। उबा नवाची ओजिजी 2021 में बिजनेस वीजा पर भारत आया। वह भारत से बच्चों के कपड़ों का नाइजीरिया में निर्यात करने लगा। इसी दौरान एग्बे के संपर्क में आया और उसके लिए ड्रग की खेप पहुंचाने लगा।

हथियार तस्करी में 11 गिरफ्तार 
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें सरगना समेत हथियारों के खरीदार, ट्रांसपोर्टर और सप्लायर भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 पिस्टल, 50 कारतूस और 30 खोखे बरामद किए हैं। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ खींची गई एक तस्वीर से पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने दिल्ली, खुर्जा, अलीगढ़, सिकंदराबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर समेत करीब 50 जगहों पर छापे मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार, पिछले दिनों टीम में तैनात हवलदार सुनील का खबर मिली कि साकिब उर्फ फायर ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें हथियारों के साथ डाली हैं। सुनील ने इसकी जानकारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र मोहन व अन्य की टीम को दी। टीम ने छापा मारकर साकिब को जहांगीरपुरी से 16 अप्रैल को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान साकिब ने बताया कि वह इमरान उर्फ बल्लू से हथियार लेकर आगे बेचता है। हथियारों का धंधा बढ़ाने और टशन के लिए साकिब सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालता था। साकिब से पूछताछ के बाद पुलिस ने पहले इमरान को दबोच लिया। जीशान उर्फ नाइक से इमरान हथियार लाता था। 

वहीं, नवाब उर्फ मुल्ला नवाब से जीशान, आसान उर्फ अहसान और कदीम हथियार लेकर आते थे। नवाब गिरोह के सरगना मोहम्मद शमीम से हथियार लाता था। करीब 15 दिन तक पुलिस ने तीन हजार किलोमीटर तक सफर तय कर आरोपियों को दिल्ली, खुर्जा, अलीगढ़, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर से दबोच लिया। आरोपियों में विपिन, शाकाल, सलीम और हर्ष त्यागी भी शामिल हैं। हथियार तस्करों में तस्करों के अलावा ट्रांसपोर्टर व खरीदार भी शामिल हैं। गैंग सरगना शमीम उर्फ हाजी शमीम मूलरूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। नवाब, कदीम, अहसान, जीशान, इमरान खुर्जा के रहने वाले हैंं। विपिन, साकिब, शाकाल, सलीम जहांगीरपुरी, दिल्ली और हर्ष त्यागी बुराडी के निवासी हैं। हर्ष शादी में हवाबाजी के लिए फायरिंग करता था। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें