फेसबुक पर दोस्ती कर कीमती गिफ्ट भेजने, पार्सल का झांसा देने व फर्जी कस्टम अधिकारी बन कर ठगी करने वाले विदेशी युवकों के एक गिरोह का फरीदाबाद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की साइबर सेल ने इस मामले में नाइजीरिया के रहने वाले युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके गिरोह में अन्य लोग भी सक्रिय हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि कुछ विदेशी युवक फेसबुक पर लड़की बन कर दोस्ती करने व महंगे गिफ्ट भेजने के नाम लोगों को जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें महंगे गिफ्ट भेजने के नाम पर पार्सल व कस्टम शुल्क के नाम पर ठगी करते थे। इन युवकों को फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वह बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। दिल्ली में रह कर वह फेसबुक के जरिये लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। सेक्टर-आठ में रहने वाले कपिल गुप्ता पुत्र महेश गुप्ता से आरोपियों ने कस्टम अधिकारी बन कर 15 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की थी। आरोपियों ने सेक्टर-21सी में रहने वाले अमित कालरा से भी लाखों की ठगी की थी। उन्होंने सूरजकुंड थाने में मई 2019 में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराते हुए कहा था कि नीदरलैंड से महंगे गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी की गई थी।
आरोपी इंटरनेशनल कालिंग एप व वेबसाइट के माध्यम से बात कर शिकार बनाते थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था, जिसमें एएसआई कैलाश, योगेश, बाबूराम, जावेद खान, प्रमोद, सतवीर, नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल वसीम अहमद, नरेंद्र कुमार व देवेंद्र कुमार शामिल थे। इस टीम ने महीनों प्रयास के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है।