पिनगवां। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में एक पशुपालक की तीन भैंस चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित लियाकत पुत्र दाउद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 13 अगस्त की रात अपनी तीनों भैंस घर के पीछे आंगन के रास्ते के पास बांध रखी थीं। आरोप है कि रात करीब तीन बजे अज्ञात चोर दीवार तोड़कर तीनों भैंस चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने परिजनों और ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन से डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से पशु चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इलाके में संचालित मीट फैक्ट्रियों की वजह से भी पशु चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। संवाद