-आरोपियों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी, कहा-नहीं दी तो मार देंगे गोली
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली में एक व्यवसायी को सार्वजनिक रूप से गोली मारने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इस साजिश का कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त पायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार वारदात के मास्टरमाइंड आरोपी की पहचान रोहिणी सेक्टर-15 निवासी चिराग महेंदरू (25) के रूप में हुई है। वही गिरोह का सरगना है। अन्य दो आरोपी रोहिणी सेक्टर-16 निवासी टैक्सी चालक आशुतोष कुमार पांडे (26) और उसी क्षेत्र में रहने वाले अकाउंटेंट अंकित मिश्रा (26) हैं। उन्होंने बताया कि कबाड़ कारोबारी रोहिणी सेक्टर-11 के निवासी शिकायतकर्ता राजेश कुमार (52) को 15 जनवरी की रात करीब 10.30 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उनसे 20 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर रकम नहीं दी गई तो उन्हें सार्वजनिक रूप से गोली मार दी जाएगी।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
जांच में सामने आया कि एक ही हैंडसेट का इस्तेमाल कई मोबाइल नंबरों के साथ किया था, जिन्हें बाद में पहचान से बचने के लिए बंद कर दिया गया। आगे की तकनीकी जांच और जमीनी खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने रोहिणी इलाके में एक सक्रिय मोबाइल नंबर का रियल टाइम लोकेशन ट्रैक किया। छापेमारी की गई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने हाल ही में पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार में हुई गोलीबारी की घटना का हवाला देकर पीडि़त में डर पैदा करने और उससे रंगदारी वसूलने की कोशिश की थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ये आरोपी इसी तरह के अन्य रंगदारी मामलों में भी शामिल तो नहीं रहे हैं।