नई दिल्ली। सीलमपुर इलाके में पीडब्ल्यूडी की ओर से लगाए गए सीसीटीवी की डीवीआर चोरी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक कबाड़ी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई हार्ड डिस्क और डीवीआर बेचकर मिले 48,000 रुपये बरामद किए गए हैं।
डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 27 जुलाई को सीलमपुर के जे-ब्लॉक में हुई चोरी की घटना पर ई-एफआईआर दर्ज की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बृहस्पतिवार को दानिश अंसारी (30) और आरिफ खान (27) को गिरफ्तार किया गया। दोनों खजूरी खास के रहने वाले हैं। आरिफ पहले पीडब्ल्यूडी के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर चुका था और डीवीआर निकालने की जानकारी रखता था, जिसका इस्तेमाल उसने चोरी में किया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी का डीवीआर जहांगीरपुरी के कबाड़ी को बेची गई। इसके बाद पुलिस ने 18 वर्षीय आसू को भी गिरफ्तार कर लिया। दानिश के खिलाफ पहले से चोरी के चार और आरिफ के खिलाफ लूट का एक मामला दर्ज है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।