दिल्ली में सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर युवक की पीट-पीट कर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गये आरोपियों की पहचान रवि(20), ललित(27) और राजेंद्र(21) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि मृतक राहुल(19) ने रवि से पंद्रह सौ रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह नहीं लौटा रहा था।
इसी बात को लेकर हुए विवाद में उनलोगों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार राहुल जहांगीरपुरी इलाके में रहता था। उसकी मां आजादपुर मंडी में सब्जी बेचती है। राहुल भी मंडी में पल्लेदारी का काम करता था।
बृहस्पतिवार को तीन चार युवक उससे कहासुनी कर उसकी पिटाई करने लगे। राहुल उनसे बचने के लिए सब्जी मंडी स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गये और उसकी पिटाई करने लगे। यह देखकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपी वहां से भागने लगे। पुलिस की टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जख्मी हालत में राहुल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पकड़े गये रवि और राजेंद्र से पुलिस ने पूछताछ की।
जिसमें पता चला कि उधार लिए गए पंद्रह सौ रुपये वापस नहीं करने पर राहुल की हत्या की गयी है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर फरार आरोपी ललित को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।