रोहिणी जिले के प्रेम नगर इलाके से सेना से सेवानिवृत एक जवान को अगवा करने का मामला सामने आया है। जवान फिलहाल दिल्ली के सरकारी स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। उनके अगवा होने के बाद जवान की पत्नी के व्हाट्सएप पर ‘सन तन से जुदा, इन अजमेर वाया पाकिस्तान’ लिखा एक मैसेज और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के झंडे की फोटो भेजी गई है।
इसके बाद से परिवार अनहोनी की आशंका से चिंतित है। जवान की बेटी की शिकायत पर प्रेम नगर थाना पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीम गठित कर दी गई है और जवान की तलाश शुरू कर दी है।
सेना के पूर्व जवान अपने परिवार के साथ सुल्तानपुरी में रहते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। वह निठारी के एक सरकारी स्कूल में पिछले तीन साल से संविदा पर लिपिक के पद पर काम करते हैं। जवान की बेटी ने सोमवार को फोन कर अपने पिता के गायब होने की शिकायत की। उसने बताया कि सोमवार सुबह वह स्कूटर से स्कूल गए थे। उसके बाद से नहीं लौटे। परिवार वालों ने उनकी काफी तलाश की और कई रिश्तेदारों से पूछताछ की। फिर स्कूल जाकर पता लगाया। वहां के गार्ड ने बताया कि वह छुट्टी होने के बाद घर निकल गए थे। दोपहर करीब 2.10 बजे उसके भाई के मोबाइल पर पिता के फोन से मिस कॉल आया। भाई ने उनके नंबर पर फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
थोड़ी देर बाद जवान की पत्नी के व्हाट्सएप पर मैसेज आया। इसमें दो बार ‘सर तन से जुदा, सर तन से जुदा इन अजमेर वाया पाकिस्तान’ लिखा था। साथ ही झंडे का एक फोटो भी आया। इस पर पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया लिखा हुआ था। इसके बाद परिवार तनाव में आ गया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। जवान की बेटी ने बताया कि 15 दिन पहले उसके पिता ने बताया था कि दूसरे समुदाय के लोग उसका पीछा कर रहे हैं और उन्हें अपने संगठन से जुड़ने के लिए कह रहे हैं। आशंका है कि उनलोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है।