गुड़गांव के कांग्रेसी नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष के बेटे को जान से मारने की धमकी देकर 10 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, एक बाइक और दो देशी हथियार बरामद किए हैं।
सोमवार को प्रेसवार्ता में पुलिस संयुक्त आयुक्त (अपराध) विवेक शर्मा ने बताया कि 20 अगस्त को कांग्रेसी नेता मदनलाल ग्रोवर के मोबाइल पर अज्ञात शख्स ने कॉल कर उनके बेटे साहिल को जान से मारने की धमकी देते हुए 10 करोड़ की फिरौती मांगी थी। बदमाशों ने उनके अलावा उनके बेटे की व्यक्तिगत जानकारी दी।
इतना ही नहीं इसके बाद बदमाशों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनके मोबाइल पर कॉल करते हुए पहले उन्हें फिरौती की रकम देने के लिए दबाव बनाया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। रविवार को घाटा गांव की लालबत्ती के पास पुलिस ने फिरौती देने के बहाने बदमाशों को जाल में फंसा तो लिया लेकिन भनक लगते ही आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिया। देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चारों को दबोच लिया। सभी आरोपी गुड़गांव से ताल्लुक रखने वाले हैं।
उधर, हरीश अदलखा को पुलिस इस फिरौती की योजना का मास्टरमाइंड बता रही है। इसके अलावा उसका साला अमन जो एमबीए स्टूडेंट है और दो अन्य युवक ललित और हरीश को पुलिस ने पकड़ा है।
पुलिस को इनके पास से एक स्विफ्ट कार, एक बाइक, एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्तौल और 11 मोबाइल समेत कई फर्जी आईडी के सिमकार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, किसी भी आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।