प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के निजी मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। एसएमएस में प्रधानमंत्री की हत्या करने की बात भी लिखी गई है। पुलिस ने रविवार देर रात मामले में बक्सर, बिहार निवासी गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गुड्डू ने पब्लिसिटी हासिल करने के लिए मनोज तिवारी को धमकी भरा एसएमएस भेजा था।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी नीलकांत बख्शी ने बताया कि मनोज तिवारी के निजी मोबाइल पर शुक्रवार दोपहर 12:52 बजे पर किसी नंबर से एसएमएस आया था। एसएमएस में लिखा गया है ‘मनोज तिवारी सर जी को जान से मारने वाला हूं उसके लिए सॉरी, मजबूरी में करना पड़ रहा है। मनोज तिवारी को ही नहीं जरूरत पड़ी तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भी मार दूंगा और ऐसे सारे इंसान को...।’
तिवारी ने यह एसएमएस शनिवार शाम को देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार सीनियर अधिकारियों के आदेश पर स्पेशल सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इससे पहले शनिवार को भाजपा मुख्यालय को भी बम से उड़ाने की किसी ने धमकी दी थी।