समयपुर बादली इलाके में बदमाशों ने बैंक में रुपये जमा करने गए एक व्यक्ति को गाड़ी हटाने का बहाना कर बाहर बुलाया और फिर उस पर हमला कर रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरसपुर निवासी रामफूल बुधवार को सेक्टर-18 रोहिणी स्थित एसबीआई बैंक शाखा में 24 हजार रुपये जमा करने गया था। बैंक में पीड़ित ने एक युवक से टोकन निकलवाया और लाइन में खड़ा हो गया। टोकन निकालने वाला युवक उसके आगे खड़ा हो गया, जबकि उसका दोस्त रामफूल के पीछे खड़ा हो गया।
कुछ देर बाद युवकों ने जाने की बात कही और रामफूल से अपनी गाड़ी साइड करने की बात कहकर उसे बैंक से बाहर बुला लिया। रामफूल के बाहर आते ही बदमाशों ने उसकी पीठ पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। इससे कुछ देर के लिए वह बेहोश हो गया।
इस दौरान युवक पीड़ित की जेब से रुपये निकालकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।