दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन के इंतजामों पर दिशा-निर्देश देने वाले स्वास्थ्य विभाग की इमारत में ही शुक्रवार दोपहर आग लग गई, जिससे हजारों सरकारी फाइल जल गईं।
इस दौरान कार्यालय के नजदीक स्थित डॉ. हेडगेवार अस्पताल में आग की अफवाह फैल गई, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। सच्चाई का पता चलने पर मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली।
दोपहर करीब 1:30 बजे पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में स्थित स्वास्थ्य विभाग की इमारत में आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन विभाग की 22 दमकल मौके पर पहुंची। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ठीक सामने मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंचने के बाद दमकल कर्मचारियों ने ऊपरी पांचवीं और छठीं मंजिल पर एसी शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की पुष्टि की।
घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन आग लगने के कारण ऊपरी मंजिल पर रखे स्वास्थ्य विभाग से जुड़ीं हजारों फाइलें जल गई हैं। इन फाइलों में रसायनिक प्रयोगशाला से जुड़ी जानकारियां भी मौजूद थीं। करीब 2 घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान पूरे इलाके में इमारत के बाहर हवा में अधजले कागज उड़ते नजर आ रहे थे।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ऊपरी मंजिल का इस्तेमाल रिकॉर्ड रूम के लिए किया जा रहा था। आग में काफी फाइल जल गई हैं। समय पर सचेत होने के कारण काफी फाइलों को बचा भी लिया है। बताया जा रहा है कि चौथी मंजिल पर औषधि विभाग है। ऊपरी दोनों मंजिलों पर औषधि विभाग और नर्सिंग से जुड़े कागजात मौजूद थे।
इसलिए इनके कागजों को ज्यादा नुकसान हुआ है। पुलिस ने भी इसकी जांच शुरू कर दी है। शुरूआती स्थिति में पुलिस इसे एसी में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगना वजह मान रही है।