गुरुग्राम के पुराने शहर में सरेआम शराब पीने वालों पर पाबंदी लगाने में पुलिस नाकाम है। यहां खुलेआम दिनभर सड़कों पर जाम छलकता है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
महज न्यू गुरुग्राम में ही कुछ शराबियों के खिलाफ मामला दर्ज कर खानापूर्ति कर ली जाती है, लेकिन पुराने शहर की तरफ जरा भी ध्यान नहीं दिया जाता है। इसके कारण पुराने शहर के विभिन्न शराब के ठेकों के बाहर शराबी जाम छलकाते नजर आते हैं। इस वजह से सदर बाजार आने-जाने वाली महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पेश है रिपोर्ट
डाकखाना चौक
शहर के मुख्य सदर बाजार से महज चंद कदम की दूरी पर डाकखाना चौक के पास बने शराब के ठेके के बाहर हर वक्त लोग जाम छलकाते रहते हैं। यहां से शराब खरीदने वालों को ठेका प्रबंधक द्वारा ही पानी व गिलास उपलब्ध करा दिया जाता है। ऐसे में लोग यहीं सड़क पर खड़े होकर शराब पीते हैं। यहां से गुजरने वाली महिलाओं पर यह शराबी फब्तियां कसते रहते हैं। यहां से चंद कदमों की दूसरी पर पुलिस भी मौजूद रहती है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
सेक्टर-44
सेक्टर-44 में बने शराब के ठेके के बाहर भी कुछ इसी तरह का आलम देखने को मिल जाता है। यहां भी सरेआम जाम छलकाया जाता है। यहां देर शाम पुलिस कभी-कभी कार्रवाई करती है जो महज दिखावा होता है। पुलिस के जाने के तुरंत बाद ही यहां आलम पहले जैसा ही हो जाता है।
पुराना रेलवे रोड व जेल चौक
डेमो पिक
पुराने रेलवे रोड पर भी इसी तरह का आलम देखने को मिलता है। यहां बने शराब के ठेके से शराब खरीदने के बाद लोग सड़क पर ही पीने के लिए खड़े हो जाते हैं। उधर, जेल चौक पर भी इसी तरह का आलम रहता है। यहां तो लोग गाड़ी को सड़क पर खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न कर देते हैं और गाड़ियों में जाम छलकते रहते हैं।
ये किए पुलिस ने मामले दर्ज
सदर थाना पुलिस ने बख्तावर चौक से रवि बाबू को सरेआम शराब पीते गिरफ्तार किया है। डीएलएफ फेस-2 थाना पुलिस ने सीए मार्केट से साहिल, सवीत अरोड़ा, नितेश जैन, मॉल्सेरी रोड से प्रदीप, सुशांत लोक थाना पुलिस ने साहिल शुक्ला को गिरफ्तार किया।
सेक्टर-5 थाना पुलिस ने सीआरपीएफ चौक से दिग्विजय, पालम विहार रोड से अमित, पालम विहार थाना पुलिस ने सेक्टर-23 मार्केट से अमेन्द्र, दीपेंद्र सिंह तंवर, आई ब्लॉक से रूपेश कुमार, राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने रंधीर, अमित कुमार, सेक्टर-37 थाना पुलिस ने शीशुपाल, विक्की, जितेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जमानत दे दी गई है।