सूर्य नगर ए-ब्लॉक में बुधवार सुबह एक डॉगी ने लग्जरी कार चोरी की वारदात को असफल कर दिया। चोर की आहट सुनकर घर के दूसरे हिस्से में बैठा डॉगी गेट की ओर दौड़ा और चोर पर भौंकने लगा। जिसके बाद चोर वहां से भाग गया।
सूर्यनगर ए ब्लॉक में रहने वाले उद्योगपति अनिल मित्तल की लग्जरी कार घर के बाहर खड़ी थी। बुधवार तड़के अचानक उनका डॉगी भौंकने लगा। उद्योगपति परिवार के साथ बाहर आए तो उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था।
गेट खोला तो उनके कुत्ते ने रोड पर दौड़ लगा दी। उसे पकड़कर वापस लौटे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब सवा पंाच बजे एक चोर कार खोलने का प्रयास कर रहा है।
इसके बाद वह शीशा तोड़ता है। तभी कुत्ता आता है और भौंकने लगता है। इसके बाद चोर वहां से भाग खड़ा हुआ।
एसओ लिंक रोड ने बताया कि मामले की शिकायत उन्हें नहीं मिली है। अगर कार चोरी की कोशिश हुई है तो चोर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।