पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में आधी रात घर में घुसे चोर को बहादुर दंपती ने कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर भीतर बंद कर दिया। इसके बाद चोर ने कमरे में जमकर बवाल काटा। कभी वह पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी देता तो कभी लोहे की ग्रिल तोड़ने की कोशिश करता। उसने अपना मोबाइल पटककर तोड़ दिया। सूचना के बाद पीसीआर वैन तो पहुंची पर उसके कर्मी पिस्टल की बात सुनकर ऊपर जाकर चोर को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। कई बार कॉल के बाद एक घंटे में थाने से आए पुलिसकर्मियों ने बदमाश राशिद अली को गोली मारने की धमकी देकर काबू किया। उसके पास से एक पिस्टल, तीन कारतूस और महिला का पर्स मिला है।
पुलिस के मुताबिक, आशीष बिष्ट पत्नी अंजलि के साथ गली नंबर-2, पश्चिमी विनोद नगर में दूसरी मंजिल पर किराए पर रहते हैं। निजी कंपनी में नौकरी करने वाले आशीष अपना जन्मदिन मनाकर गुुरुवार रात करीब 12:30 बजे सोए थे। रात करीब 3:00 बजे बराबर वाले कमरे से आ रही खटपट की आवाज से अंजलि की आंख खुली। बिना शोर मचाए उन्होंने देखा तो एक युवक अलमारी तोड़कर उनका सामान निकाल रहा था। अंजलि ने पति को जगाया। इसके बाद बिना घबराए दंपती ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। अंदर रह गया चोर राशिद अली भीतर से दंपती को दरवाजा खोलने के लिए धमकाने लगा। उसने पिस्टल निकाली और दंपती को गोली मारने की धमकी देने लगा।
दंपती की सूचना पर पीसीआर वैन पहुंच गई। पिस्टल की बात पता चलने पर पीसीआर कर्मियों ने ऊपर जाकर चोर को पकड़ने का साहस नहीं जुटाया। इधर चोर कमरे में हंगामा करने लगा। उसने अपना मोबाइल पटककर तोड़ दिया और कमरे में लगी लोहे की ग्रिल को तोड़ने की भी कोशिश की। बार-बार कॉल करने पर करीब एक घंटे बाद थाने से पुलिस पहुंची। ऊपर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने पिस्टल निकालकर चोर को गोली मारने की धमकी दी। काफी देर बातचीत के बाद चोर ने समर्पण किया। रिपोर्ट आशीष ने दर्ज कराई है।