आजकल बदमाश भी नित नए तरीके अंजाम देने में लगे हुए हैं। स्नैप डील से फर्जी पते पर महंगा मोबाइल मंगाकर लूट को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को फेस टू पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरोह इस तरह की कई वारदातों को पहले भी अंजाम दे चुका है। गिरोह का एक सदस्य पकड़ से बाहर है। पुलिस इन्हें पकड़ने की फिराक में लगी है। फेस टू थाना प्रभारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि तीन दिन पहले स्नैप डील से एक महंगे एंड्रायड फोन को गेझा में एक मेडिकल स्टोर के पते पर बुक किया गया।
मोबाइल की पेमेंट कैश ऑन डिलीवरी रखी गई थी। शुक्रवार दोपहर स्नैप डील से संबंधित डिलीवरी कंपनी ने गेझा स्थित उक्त मेडिकल स्टोर पर अपना कर्मी मोबाइल लेकर भेजा।
किस तरह दिया जाता था वारदात को अंजाम
इस दौरान फोन पर कस्टमर से बात कर कर्मी मेडिकल स्टोर पर आया तो वहां से कस्टमर का कोई संबंध नहीं निकला। इसके बाद दोबारा फोन पर बात करने के बाद तीन युवक उससे मिले और मोबाइल लेकर भाग निकले।
पीड़ित द्वारा थाने में शिकायत दिए जाने के बाद फेस टू पुलिस ने शुक्रवार देर रात सेक्टर-93 के पास बाइक सवार दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की पहचान गेझा निवासी विक्की शर्मा व सलमान के रूप में हुई है।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह अक्सर राहगीरों से मोबाइल व पर्स लूटकर भी फरार हो जाते थे। वहीं, इनके पास से एक तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस इनके तीसरे साथी की भी तलाश में लगी है।
रेकी करते हुए किए गए गिरफ्तार
वेंडरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को भी फेज-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर से सूचना के बाद पुलिस ने इस बदमाश को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। इसकी पहचान राकेश बिहारी निवासी नयागांव हुई है।
पुलिस ने मुताबिक बदमाश का काम रेकी कर गिरोह को इसकी जानकारी देना है। इसके बाद गिरोह के सदस्य वेंडरों से लूटपाट करते थे।