25 लाख के सोने की चोरी के आरोप में पकड़ी गईं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
मीठी-मीठी बातें कर और अपनी खूबसूरती दिखाकर लोगों को लूटने वाली तीन महिलाओं को मंडावली पुलिस ने दबोचा है। इनकी पहचान पूजा उर्फ पिंकी (21), अंजलि (34) और गुड़िया (40) के रूप में हुई है।
गैंग का पुरुष सदस्य फरार है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नवंबर 2016 में पांडव नगर निवासी एक कारोबारी ने हनीट्रैप के जरिये फंसाकर लाखों के जेवरात लूटने की शिकायत मंडावली थाना पुलिस को दी थी।
पीड़ित ने बताया कि उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला उसके घर आने-जाने लगी और उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। एक दिन जानकारों से मिलाने की बात कर महिला अपने साथ दो अन्य महिलाओं को पीड़ित के घर लेकर आई।
वहां तीनों ने पीड़ित को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। बाद में घर से 25 तोला सोना लेकर फरार हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने एक-एक कर तीनों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से लूटा गया कुछ माल भी बरामद हुआ है। पुलिस को गैंग के पुरुष सदस्य की तलाश है। तीनों ने बताया है कि उसकी सूचना पर ही वारदात को अंजाम दिया जाता था।