कोविड-19 महामारी से लोगों की जीवन शैली में काफी बदलाव आया है। अब जगह जगह थर्मल स्कैनिंग, पीपीई सूट और ऑक्सीमीटर की मांग बढ़ती जा रही है। दिल्ली के वजीरपुर स्थित एक कंपनी ने महामारी को में कारोबार के लिए मुनाफे का अवसर बनाया। थर्मामीटर की मांग में 8-10 गुना इजाफा हो गया तो पीपीई सूट और ऑक्सीमीटर की तरफ कारोबारियों ने रुख कर लिया है।
वजीरपुर स्थित आरके ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन सतीश लूथरा ने बताया कि पीपीई किट और ऑक्सीमीटर का इस्तेमाल अब सामान्य हो गया है। हजारों की संख्या में पीपीई किट तैयार हो रहे हैं, फिर भी मांग बनी हुई है। लॉकडाउन के दौरान मांग, 10 गुना से भी अधिक बढ़ गई है।
थर्मामीटर की भी बिक्री पहले से कई गुना बढ़ गई है, जिससे कारोबार में मुनाफा बढ़ा है। खास बात यह है कि कारोबार में होने वाले नुकसान से बचने के लिए दूसरे क्षेत्र के कारोबारी भी जरूरी उत्पादों को तैयार कर रहे हैं। अब तक ऐसे उत्पादों की न तो अधिक मांग थी और न ही मुनाफा। मांग बढ़ने से कार्यकुशल कर्मियों के लिए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।