भड़ेरिया नवमी के अबूझ साए के कारण रविवार को शहर में हर तरफ शादियों की धूम रहेगी। सहालग तेज होने के कारण शहर के कई प्रमुख सड़कों पर जाम लग सकता है। फार्म हाउस और बैंक्वेट हॉल में करीब पांच सौ अधिक शादियां शिफ्ट में हो रही हैं।
पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि भडे़रिया नवमी को अबूझ साया माना जाता है। बसंत पंचमी, देवउठान एकादशी, फुलौरा दूज, भड़ेरिया नवमी आदि तिथियों पर बिना पंचांग दिखाए कोई भी शुभ कार्य किए जा सकते हैं।
छह जुलाई के बाद सिर्फ सात जुलाई को शादियों के लिए शुभ साये हैं उसके बाद शादियों पर चार महीने का ब्रेक लग जाएगा। सात जुलाई के बाद सीधे चार नवंबर को देवउठान एकादशी से शादियों के साये आरंभ होंगे।
शादियों के कारण मालीवाड़ा, जीटी रोड, हापुड़ रोड, एनएच-58, लालकुआं, मोहननगर, इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा में जाम लग सकता है। मुख्य सड़कों के अलावा वसुंधरा, वैशाली इंदिरापुरम में अंदर के क्षेत्रों में फार्म हाउस होने की वजह से जाम की स्थित बन सकती है।