दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के द्वारका-बाहरी जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि शनिवार को द्वारका जिला डीसीपी एम हर्षवर्धन के कार्यालय में पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ इंटरस्टेट कॉर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में बहादुरगढ़, झज्जर, गुरुग्राम व सोनीपत के पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में बड़े व्यवसायिक वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से बहुत पहले ही रोकने पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि जयपुर समेत दूर के शहरों की पुलिस को पत्र लिखने जा रहे हैं, ताकि वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से बहुत पहले ही रोका जा सके।
डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि इस बार पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप में पड़ोसी राज्यों के एसपी से लेकर एसएचओ तक शामिल रहेंगे। डीएम को भी ग्रुप में जोड़ा जाएगा। इस व्हाट्सएप ग्रुप का उद्देश्य पड़ोसी राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ बेहत्तर तालमेल रखना है, ताकि ट्रैफिक के अलावा बदमाशों व आतंकियों से संबंधित सूचनाओं को समय पर आदान-प्रदान हो सके। जरूरत पड़ने पर व्यवसायिक वाहनों को दिल्ली की सीमाओं से दूर रोकने के लिए कहा जा सके, ताकि वह वाहनों को पहले ही रोक दें।