साइबर सिटी में लोगों ने बाजार से लेकर मॉल्स तक में रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी की। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि गुड़गांव में धनतेरस पर तकरीबन एक हजार करोड़ का कारोबार हुआ।
बाजार में ग्राहकों के उत्साह को देखकर कारोबारियों ने कह ही दिया कि कम से कम धनतेसर ने उनके अच्छे दिन लौटा दिए हैं। सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की चमक खूब बिखरी।
दुकान कोई भी हो सभी पर ग्राहकों की भीड़ देर शाम तक लगी रही। हिंदू धर्म में धनतेरस का काफी महत्व है। इस दिन खरीदारी करना शुभ माना गया है। यही कारण है कि बाजारों में लोग उमड़ पड़े।
लोगों ने बर्तन, सोने चांदी, परिधान, फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की जमकर शॉपिंग की। सहारा मॉल के बिग बाजार में ग्राहकों की इतनी भीड़ थी कि लोगों को अंदर दाखिल होने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
गुड़गांव के पारंपरिक मार्केट सदर बाजार में आलम यह था कि यहां पांव रखने तक की भी जगह लोगों को नहीं मिल रही थी। जिन दुकानों में आम दिनों में तीन से चार सेल्समैन होते थे, उन्हें अपने यहां धनतेरस पर 10 से 12 लोगों को रखना पड़ा।
डिस्काउंट और ऑफरों वाले प्रोडक्ट के प्रति ग्राहकों ने सबसे अधिक दिलचस्पी दिखाई। शहर के सेक्टर-14, सेक्टर-15, सेक्टर-31, गैलेरिया मार्केट, हांगकांग मार्केट सहित गली मोहल्लों के बाजार में भी खूब रौनक रही।