ग्रेटर नोएडा सेक्टर-151 स्थित लैंड फार्म हाउस में रविवार रात जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला कर फायरिंग की। गनीमत रही कि विवाद के दौरान किसी पक्ष की जान नहीं गई। वहीं, सूचना पर पहुंची नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने मामले में 20 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस का कहना विवाद दो सगे भाई के बीच का है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि सेक्टर-151 में रविवार रात करीब 8.50 बजे दो पक्षों में विवाद की सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली से उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 80-90 लोग आपस में मारपीट कर रहे थे और एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस को देखकर अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर की गई जांच में पाया गया कि विवाद दो पक्षों के बीच हुआ है। प्रथम पक्ष में भारत शर्मा, सतस्वरूप शर्मा, मनोज कौशिक, अर्जुन तोमर, अशोक सिंह, सुरेश सिंह, रामकिशन सहित सात व्यक्ति शामिल थे।
वहीं, द्वितीय पक्ष में नीरज शर्मा, कुशल राठी, गौरव राठी, विजय अत्री, सतीश कुमार, नरेंद्र कुमार, यशपाल, राजेश कुमार, श्याम, कृष्ण, विनीत, रोहन, आशीष समेत कुल 13 लोग नामजद हुए।
इसके अलावा 60-70 अन्य अज्ञात लोग भी इस विवाद में शामिल थे। झगड़े की जड़ फार्म हाउस की जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमले किए और गोली चलाई। सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले पक्ष के भारत शर्मा और दूसरे पक्ष के नीरज शर्मा आपस में सगे भाई हैं। मामले की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दंगा और हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने मामले में दिल्ली के भारत शर्मा, सतस्वरूप शर्मा, फरीदाबाद के मनोज कौशिक, मुजफ्फरनगर के अर्जुन तोमर, बलिया के अशोक सिंह, गोंडा के सुरेश सिंह, राम किशन, दिल्ली के नीरज शर्मा, सेक्टर-48 नोएडा के कुशल राठी, गौरव राठी, मथुरा के विजय अत्री, भिवानी हरियाणा के सतीश कुमार, नरेंद्र कुमार, पलवल के यशपाल, महेंद्रगढ़ के राजेश कुमार, अलीगढ़ के श्याम, पलवल के कृष्ण, विनीत,मोमनाथल गांव ग्रेटर नोएडा के रोहन, सेक्टर-135 वजीदपुर के आशीष समेत 60-70 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा-191 (2) (साधारण दंगा), 190 (गैरकानूनी जमावड़े), 109 (हत्या का प्रयास), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 351 (आपराधिक धमकी) की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।