दिल्ली एनसीआर में बारिश के आसार
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी और बारिश का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर भी पड़ेगा। सोमवार को हुई बूंदाबांदी के बाद मंगलवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इससे कड़ाके की ठंड दोबारा वापस आने की संभावना जताई जा रही है। दो दिनों तक आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। खिली धूप की उम्मीद बुधवार को ही जताई जा रही है। वहीं बारिश के बाद भी सोमवार को अधिकतम तापमान में कोई कमी नहीं आई है। वहीं, उत्तरी रेलवे क्षेत्र में कम दृश्यता और अन्य कारणों के चलते 14 ट्रेन देरी से चल रही हैं।
दिल्ली में सोमवार को दिन भर काले बादल छाए रहे जबकि दोपहर तीन बजे के बाद कुछ देर के लिए खिली धूप तो निकली, लेकिन शीत लहर चलने से लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले एक-दो दिन हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान गिरा है, लेकिन कुछ देर के लिए धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़त दर्ज की गई। मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
पूर्वानुमान : काले बादल छाए रहेंगे, तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी
अधिकतम तापमान: 23 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 8.5 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार सूर्यास्त: 5:57 बजे
बुधवार सूर्योदय: 7:01 बजे