नोएडा के सेक्टर-20 थाने के अंतर्गत सेक्टर-8 के एक कारखाने का ताला तोड़कर नकाबपोश चोरों ने करीब 3.50 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। फैक्ट्री मालिक ने सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज कराया है।
आशीष जैन दिल्ली के वसुंधरा एंक्लेव में रहते हैं। इनका सेक्टर-8 ई-51 में पारस मेटल क्राफ्ट नाम से ऑटो पार्ट्स बनाने का कारखाना है। रविवार सुबह किसी पड़ोसी ने आशीष को फोन कर बताया कि कारखाने के गेट का ताला टूटा हुआ है। आनन-फानन में वह कारखाना पहुंचे।
वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि चोरों ने करीब तीन हजार किलो ऑटो पार्ट्स की चोरी कर ली। चोरों ने नट बोल्ट, रॉड, मेटल कटिंग, ऑटो की चाबियां, मेटल टिक्की व मेटल फाइल्स समेत करीब 3.50 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
उनके पड़ोस के कारखाने में सीसीटीवी लगे हुए हैं। उन्होंने उक्त सीसीटीवी फुटेज में देखा कि चोरों ने माल ले जाने के लिए कार का इस्तेमाल किया है और माल को कई बार में ढोकर ले गए। फुटेज में सभी चोर मंकी कैप लगाए हुए दिख रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।